देवनगर मे जनसुनवाई कर मौके पर ही किया समस्याओं का निस्तारण : भुवनेश्वर सिंह चौहान

राजस्थान/बाड़मेर – भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन बालोतरा के तत्वावधान में ग्राम पंचायत ठाकरखेड़ा के राजस्व ग्राम देवनगर स्थित आदि सेवा केंद्र पर सात दिवसीय “जन भागीदारीः सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के अंतर्गत विशेष लाभार्थी संतृप्ति सैच्यूरेशन शिविर एवं विशाल जनसुनवाई का आयोजन किया गया। शिविर में देवनगर सहित आसपास के राजस्व गांवों से बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ तहसीलदार समदड़ी नारायण राम देवासी एवं विकास अधिकारी करणाराम पटेल भी उपस्थित रहे। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने शिविर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।अपने संबोधन में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा पानी, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा मौसमी बीमारियों से संबंधित समस्याएं रखी गईं, जिन पर उन्होंने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसीलदार नारायण राम देवासी ने शिविर के दौरान नामांतरण एवं राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण करवाया। वहीं विकास अधिकारी करणाराम पटेल ने ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता अनुसार आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर प्रभारी एवं ग्राम विकास अधिकारी परमेश्वरी राठौड़ ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के सत्रह काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ऑन-द-स्पॉट आवेदन भी भरवाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में महिलाओं, वृद्धजनों एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में विशेष रूप से महिला लाभार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कई ग्रामीणों ने दस्तावेजीकरण, पेंशन, स्वास्थ्य एवं अन्य योजनाओं से संबंधित कार्यों को मौके पर ही पूर्ण करवाकर राहत महसूस की। प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *