राजस्थान/बाड़मेर – पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी रविवार को विधानसभा क्षेत्र पचपदरा की ग्राम पंचायत दुधवा, चंदेसरा एवं खट्टू के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों में आयोजित ग्रामीण रथ अभियान में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान विधायक डॉ. चौधरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुधवा का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने विधायक कोष से लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें आमजन को समर्पित किया। विधायक ने चंदेसरा में नव निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक डॉ. चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।दौरे के दौरान जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
