डंपर की टक्कर से एक बाराती की मौत, तीन लोग घायल

भोजीपुरा, बरेली। बड़ा बाईपास पर बारात घर के सामने खड़े बारातियों को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे मे एक बाराती की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। शनिवार को शीशगढ़ के गांव सहोड़ा से विनोद की बारात भोजीपुरा के बड़ा बाईपास स्थित एसएम लान में आई थी। रात करीब डेढ़ बजे कुछ बाराती सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने बरातियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में सहोड़ा निवासी 40 वर्षीय मनीष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन अन्य बाराती घायल हो गए। डंपर का क्लीनर मुस्तकीम भी घायल हो गया। घटना के बाद चालक ने डंपर को बड़ा बाईपास स्थित एक ढाबे पर खड़ा कर दिया। बारातियों की भीड़ वहां पहुंच गई और ढाबा संचालक से विवाद करने लगी। इस पर चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल क्लीनर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता कढ़ेराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कैंट मे बाइक की टक्कर से सेना के दो जवान जख्मी : जनपद के कैंट थाना क्षेत्र मे सड़क किनारे टहल रहे दो सैन्यकर्मियों को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। दोनों सैन्यकर्मियों को मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके चालान कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम करीब सवा सात बजे नायक सौरभ और नायक राजू सिंह जाट रेजीमेंट सेंटर से दौड़ लगाने के लिए भरतौल गेट से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजरे तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में नायक राजू का पैर फ्रैक्चर हो गया और नायक सौरभ का गंभीर चोटें आई। आसपास मौजूद सैन्यकर्मियों ने बाइक चालक भरतौल निवासी अमित चौहान को पकड़कर कैंट पुलिस को सौंप दिया। सेना की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया है। दोनों घायल सैन्यकर्मियों को मिलिट्री हॉस्पिटल मे भर्ती कराया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *