सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज मे सोमवार को हाईवे पर बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। करीब 15-20 मिनट तक युवक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा और राहगीर उसका वीडियो बनाते रहे। पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीबीगंज के गांव बंडिया निवासी 25 वर्षीय सनी कश्यप परसाखेड़ा मे एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करता था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह बाइक लेकर लंच करने जा रहा था। इसी दौरान तीन के पास हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होकर सनी सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। तमाम लोग वहां पहुंचे लेकिन उसे उठाकर अस्पताल भेजने के बजाय वीडियो बनाने मे जुटे रहे। यह हादसा परसाखेड़ा पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुआ। लोगों का कहना है कि पुलिस को सूचना दी गई लेकिन वे लोग भी करीब आधा घंटा बाद मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन तब तक सनी की मौत हो चुकी थी। उसकी मौत से परिवार मे कोहराम मच गया है। सनी कश्यप की शादी दो साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी पिंकी और डेढ़ साल का बेटा कृष्णा है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके अलावा तीन बेटियां है।।
बरेली से कपिल यादव
