मीरगंज, बरेली। पता पूछने के बहाने व्यापारी की पत्नी को रोककर दो बाइक सवार ठगों ने अपनी बातों में उलझा लिया। महिला से पीने को पानी मांगा और उसके कुंडल उतरवा लिए। जब तक महिला को ठगी का अहसास हुआ। ठग वहां से रफूचक्कर हो गए। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ठगों को तलाश रही है। मीरगंज नगर के मोहल्ला मेवात की टीचर्स कालोनी निवासी राजेंद्र कुमार शर्मा की नगर मे खाद बीज आदि की दुकान है। बुधवार की दोपहर एक बजे व्यापारी की पत्नी शिवकांती अपनी दुकान से कस्बा मे स्थित देवर वीरेंद्र कुमार शर्मा की दुकान पर जा रही थी। शिवकांती ने पुलिस को बताया कि बाजार के पास गली के नुक्कड़ पर उन्हे बाइक सवार दो युवक मिले। उनमें से एक युवक ने अयोध्या से आने का हवाला देकर शिवकांती से डॉ. शीतल वर्मा का पता पूछा। शिवकांती ने जानकारी से इंकार करने पर उनमें से एक युवक ने पानी पिलाने को कहा। इस पर शिवकांती ने दस रुपये की बोतल लेकर उसे पानी पिलाया। बातचीत के दौरान युवकों ने शिवकांती को अपनी बातों मे उलझा लिया और बातों-बातों मे उनके कानों के कुंडल उतरवा लिए। कुंडल लेकर दोनों युवक बाइक से सिरौली चौराहा की ओर भाग गए। बाइक पर उनका एक अन्य साथी बैठा था। शिवकांती की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।।
बरेली से कपिल यादव
