गैस एजेंसी पर मंत्री का छापा, वितरण मे गड़बड़ी की तो भिजवा देंगे जेल

आंवला, बरेली। जनपद की तहसील आंवला क्षेत्र मे गैस की कालाबाजारी और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर न मिलने की शिकायतों पर शनिवार को पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, डीएसओ मनीष सिंह, एसडीएम विदुषी सिंह और सीओ नितिन कुमार के साथ हालात का जायजा लेने निकले। आंवला क्षेत्र की गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अहमद गैस एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच की गई। मंत्री ने अधिकारियों को गैस वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी की बात कही। अलीगंज स्टैंड पर इंडेन की अहमद गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की काफी भीड़ मिली। इस पर उन्होंने होम डिलीवरी के निर्देश दिए। वहीं रामनगर रोड पर रोडवेज स्टैंड के पास जेएस एचपी गैस एजेंसी पर ताले पड़े मिले। बुलाने पर भी स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा तो उन्हें नोटिस देने के लिए निर्देश दिए। डीएसओ को कहा कि सभी गैस एजेंसी शाम छह से सात बजे तक खुलना चाहिए। उपभोक्ताओं ने मौके पर ही शिकायत की कि घंटों लाइन मे लगने के बावजूद गैस नही मिल रही है। एक महिला फरजाना ने आरोप लगाया कि बुकिंग के कई दिन बाद भी सिलेंडर नही मिला जबकि एजेंसी ने नई किताब जारी कर दी। कई उपभोक्ताओं ने कालाबाजारी और ऊंचे दामों पर बिक्री के आरोप लगाए। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। एसडीएम विदुषी सिंह ने बताया कि एजेंसी संचालक को नोटिस जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *