बरेली। आंवला से सांसद नीरज मौर्य ने लोकसभा मे क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर केंद्र सरकार के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई। उन्होंने आंवला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए यहां एम्स की स्थापना के लिए बजट प्रावधान करने की अपील की। सांसद मौर्य ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का बड़ा केंद्र होने के बावजूद बरेली और आसपास के क्षेत्रों में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने वित्त मंत्री से आग्रह किया कि आंवला में एम्स स्थापित कर क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा उन्होंने युवाओं के खेल विकास पर जोर देते हुए आंवला क्षेत्र मे एक आधुनिक स्टेडियम के निर्माण की मांग भी रखी। सांसद ने क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्योगों और फैक्टरियों की स्थापना पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन से युवाओं को पलायन से रोका जा सकेगा और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा। इसके साथ ही उन्होंने सांसद निधि को बढ़ाने अथवा इसे मनरेगा से जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा।।
बरेली से कपिल यादव
