बरेली। शहर मे मां मनोकामना वैष्णो धाम मंदिर श्रद्धालुओं के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां भक्तों को माता वैष्णो देवी के प्राचीन गुफा दर्शन जैसा अनुभव मिलता है। मंदिर के पुजारी पंडित दीपक शंखधार ने बताया कि माता के धाम की स्थापना 10 जून 2010 को मंदिर के संरक्षक राजेश अग्रवाल की माता वैष्णो से मांगी मनोकामना पूर्ण होने पर की गई। मंदिर का नाम मनोकामना वैष्णो देवी मंदिर रखा गया। यहां लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मंदिर में विशेष रूप से गुफा का निर्माण किया गया है, जहां माता वैष्णो देवी तीन पिंडियों महासरस्वती, महालक्ष्मी और महाकाली के स्वरूप में विराजमान हैं। गुफा के भीतर श्रद्धालुओं को प्राचीन वैष्णो धाम जैसा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होता है। नवमी पर मंदिर में माता की महाआरती का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र के दौरान मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर में 1.25 क्विंटल चांदी के बाबा श्री शिव खोड़ी नाथ भी स्थापित है। मंदिर परिसर में भगवान शिव, गणेश, राधा-कृष्ण और श्रीराम दरबार भी स्थापित हैं। इसके अलावा दक्षिणमुखी हनुमान, शीतला माता, गौरी शंकर और लक्ष्मी नारायण मंदिर भी हैं। हर मंगलवार और शनिवार को यहां भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन होता है। मंदिर परिसर में भैरों बाबा की स्थापना की गई है, जहां भक्त दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण मानते है।।
बरेली से कपिल यादव
