बरेली। संभागीय परिवहन कार्यालय के बाहर सालों से फल-फूल रहे दलाली के सिंडिकेट और अवैध वसूली के अड्डों पर आखिरकार बुलडोजर चल गया। एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज ने गुरुवार को पुलिस और पीएसी के साथ मिलकर कार्यालय के बाहर सरकारी काम कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलने वाले दलालों के ठिकानों पर बुलडोजर चलवा दिया। वहां रखे संदिग्ध कागजात और अवैध सामग्री को जब्त कर लिया। एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज ने बताया कि उनको लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कार्यालय के बाहर कुछ अनधिकृत व्यक्ति जनता को गुमराह कर अवैध वसूली कर रहे हैं। कार्यालय के बाहर अस्थायी दुकानों के अतिक्रमण से यातायात की गंभीर समस्या भी उत्पन्न हो रही थी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित किया और गुरुवार को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी। इधर सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई ऊपर से मिले कड़े निर्देशों का परिणाम है। चर्चा है कि भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री कार्यालय में आरटीओ कार्यालय के बाहर व्याप्त भ्रष्टाचार और अतिक्रमण की लिखित शिकायत की थी। इस शिकायत ने विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ा दी। इसके बाद भारी पुलिस बल के साथ आरटीओ के आदेश पर दलालों के अड्डों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने इस कार्रवाई के साथ ही आम जनता को आगाह किया है। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की 14 मुख्य सेवाएं पूरी तरह ‘फेसलेस’ हो चुकी है। यानि, ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर गाड़ी के कागजों तक का काम घर बैठे ऑनलाइन या जन सेवा केंद्र से किया जा सकता है इसलिए दलालों के चक्कर काट कर जेब ढीली कराने की जरूरत नही है।।
बरेली से कपिल यादव
