बरेली। रमजान के आखिरी जुमे जुमातुल विदा (अलविदा) की नमाज 13 मार्च को शहर की मस्जिदों, दरगाहों और खानकाहों में अदा की जाएगी। मुख्य नमाज किला स्थित जामा मस्जिद में दोपहर 1:30 बजे अदा होगी, जबकि सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में 3:30 बजे नमाज अदा की जाएगी। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि 13 मार्च को देशभर में अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। अगर 19 मार्च को ईद का चांद नजर आ जाता है तो 20 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। यदि उस दिन चांद नजर नहीं आया तो 20 मार्च को रमजान का आखिरी जुमा मानते हुए फिर अलविदा की नमाज होगी और ईद-उल-फितर 21 मार्च को मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि रमजान का आखिरी जुमा रमजान के रुखसत होने का पैगाम देता है। अन्य जुमों की तरह अलविदा में भी दो रकअत फर्ज जुमा अदा किया जाता है। शहर की मस्जिदों में नमाज को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी। नासिर कुरैशी ने बताया कि शहर में दोपहर 12:45 बजे से नमाज पढ़ने का सिलसिला शुरू होकर 3:30 बजे तक चलता रहेगा। प्रमुख मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
