बरेली। एसआईआर के अंतर्गत ड्राफ्ट मतदाता सूची के सापेक्ष दावा-आपत्ति दाखिल करने का शुक्रवार को अंतिम दिन था। शुक्रवार दिन भर लोग अपने फॉर्म लेकर आते रहे। 342971 फॉर्म छह, फॉर्म सात और फॉर्म आठ जमा हुए। इनमें 67890 यानी अकेले 19.79 फीसदी शहर विधानसभा के ही है। चार नवंबर से 26 दिसंबर तक एसआईआर की प्रक्रिया चली थी। छह जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई थी। सूची के सापेक्ष दावे-आपत्ति लेने का काम शुक्रवार को पूरा हो गया। शुक्रवार को सबसे ज्यादा लोग नए वोट बनवाने के लिए फॉर्म 6 भरने आए। नाम कटवाने के लिए फॉर्म सात और संशोधन के लिए फॉर्म आठ भरकर जमा किए गए। बहुत से लोग नोटिस की सुनवाई को भी पहुंचे। जन्म प्रमाण पत्र, 2003 की सूची से लिंक न होने से लोग परेशान होते रहे। देर शाम तक 5420 लोगों ने फॉर्म 6 जमा किए। इनमें युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा रही। इस तरह से अभी तक कुल 266112 फार्म छह भरे जा चुके हैं। डिस्पोजल के बाद इनको मतदाता सूची मे स्थान मिलेगा। बरेली मे नाम काटने को कुल 6375 फॉर्म भरे जा चुके हैं। नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, पता आदि में संशोधन के लिए 1033 फॉर्म आठ भरे गए। इस तरह से बरेली जिले में अंतिम तिथि तक 70484 फॉर्म आठ भरे जा चुके है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसआईआर के तहत दावे-आपति दर्ज कराने का शुक्रवार को अंतिम दिन था। सभी बूथों वीआरसी पर मतदाताओं ने फॉर्म जमा किए। अभी 101278 फॉर्म छह, 4999 फॉर्म सात और 34060 फॉर्म आठ का डिस्पोजल बकाया है। इनका जल्द निस्तारण कराया जाएगा। जिले में नोटिस सुनवाई का कार्य 84.75 फीसदी निपट गया है। 2003 से लिंक कराने को अभी भी भटक रहे: बरेली। एसआईआर के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से खुद को लिंक कराने के लिए मतदाता अभी भी भटक रहे है। शुक्रवार को भी तमाम मतदाता सुनवाई के लिए पहुंचे। सबसे ज्यादा वे विवाहित महिलाएं परेशान है जिनको अपने मायके से दस्तावेज नहीं मिल पा रहे है। अनपढ़ वोटर हाईस्कूल की मार्कशीट नही होने के चलते चक्कर लगा रहे हैं। बड़ी संख्या मे ऐसे लोग भी है जिनका जन्म प्रमाण पत्र अभी तक बनकर नहीं आ पाया है। इस कारण वे अपनी मैपिंग नही करवा पा रहे है। सुनवाई के काम मे सबसे पीछे नवाबगंज विधानसभा और सबसे आगे बरेली विधानसभा चल रही है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सुनवाई का कार्य 27 मार्च तक चलता रहेगा। लोग वांछित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी मैपिंग करवा सकते है।।
बरेली से कपिल यादव
