शीशगढ़, बरेली। जनपद के थाना शीशगढ़ क्षेत्र मे भैंस लेकर जा रही पिकअप साइकिल के ऊपर पलट गई। जिससे कोचिंग जा रही छात्रा की दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पिकअप कब्जे में लेकर छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शीशगढ़-बहेड़ी रोड के बंजरिया मोड़ पर शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे एक पिकअप भैंस लेकर जा रही थी। इस दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे साइकिल से कोचिंग जा रही लालूनगला गांव के बाबू की 16 वर्षीय बेटी मुस्कान के ऊपर पलट गई। मुस्कान साइकिल समेत पिकअप के नीचे दब गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन फानन उन्होंने पिकअप के नीचे से मुस्कान को निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मुस्कान कक्षा 11 की छात्रा थी। वह बंजरिया गांव मे कोचिंग पढ़ने जा रही थी। मुस्कान के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह मां और बड़े भाई के साथ गांव मे रहती थी। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया हादसे मे एक छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे मे ले लिया है। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम को बरेली भेज दिया है। पुलिस तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
