संभल। संभल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव बराही निवासी मतीन अहमद की पत्नी गुलशन जहां को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। उन्हें निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि इलाज के नाम पर 3500 रुपये लिए गए। घटना की सूचना पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
वहीं, लेबर इंचार्ज ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रसव के दौरान जटिल स्थिति थी। उनके अनुसार बच्चे का सिर आगे आ गया था और सामान्य प्रसव के लिए कुछ समय इंतजार करने को कहा गया था। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है।
— सम्भल से सैय्यद दानिश
