बरेली। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन विभाग की जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें डीएम ने निर्देश दिए कि तहसील और विकास खण्ड स्तर पर प्रत्येक माह नियमित रूप से बैठके आयोजित की जाएं और उनमें दिए गए निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनमोहन पांडेय को निर्देश दिए कि नोडल अधिकारियों की बैठकों और निरीक्षणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही गोशालाओं में हरे चारे की कमी की समस्था को संबंधित ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने समीक्षा के दौरान ब्लॉक भदपुरा की मधुनगला गोशाला में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य लंबित पाए जाने पर बीडीओ को छह माह के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी माह में कम से कम एक बार फील्ड विजिट अवश्य करें। गोशालाओं के निरीक्षण के दौरान भूसा, हरा चारा, चोकर और रजिस्टर की जांच अनिवार्य रूप से करने के भी निर्देश दिए गए। बीमार गायों को अलग रखने तथा क्षमता से अधिक पशु होने पर अतिरिक्त गोपालकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सीडीओ देवयानी, परियोजना निदेशक डीआरडीए चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा हवीब अंसारी, डीपीआरओ कमल किशोर, बीडीओ आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
