बरेली। जनपद शाहजहांपुर के वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र की हत्या के मामले मे साथ ही पढ़ने वाले आरोपी छात्र के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट मे दाखिल कर दी गई है। इस मामले की विवेचना बरेली क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय धीर कर रहे थे। शाहजहांपुर मे बंथरा स्थित वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज मे पढ़ने वाले एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र 22 वर्षीय कुशाग्र प्रताप सिंह का शव छह अक्तूबर 2024 की सुबह तीन मंजिला हॉस्टल की बिल्डिंग के पीछे पड़ा मिला। वह गोरखपुर मे थाना शाहगंज के मोहल्ला राप्तीनगर निवासी अजय सिंह का इकलौता बेटा था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण सिर की चोट बताई गई। मगर उसकी किडनी और पसली में भी चोट थी। कहा गया कि हॉस्टल की छत से गिरकर कुशाग्र की मौत हुई है। परिवार वालों ने कुशाग्र की मौत को हत्या बताया और उसके पिता अजय सिंह ने थाना तिलहर मे अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। नवंबर 2024 मे इस केस की विवेचना बरेली क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय धीर को सौंपी गई। उनकी जांच में सामने आया कि प्रयागराज मे थाना जार्ज टाउन के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज निवासी साथी छात्र विराज पटेल ने कुशाग्र से साढ़े पांच लाख रुपये निवेश के नाम पर लिए। इसी रकम को लेकर विवाद हुआ और विराज ने सिर मे डंडे से प्रहार कर कुशाग्र की हत्या कर दी फिर उसका शव छत पर ले जाकर नीचे फेंक दिया। इस पर 20 सितंबर 2025 को आरोपी छात्र विराज पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। चार्जशीट में शामिल किए गए साक्ष्य: हत्या के खुलासे के दौरान पुलिस ने खून से सना डंडा, टंकी का खून से सना वह पाइप जिससे टकराकर कुशाग्र का शव नीचे गिरा। हत्या से पहले पी गई शराब की बोतल और कमरे मे बिखरा खाना बरामद कर साक्ष्य के रूप मे शामिल किया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
