बरेली। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल जिला अस्पताल रोड और चौधरी मोहल्ला में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों के विरोध के वीच अतिक्रमण हटाया गया। जिला अस्पताल रोड पर दुकानदारों से 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। सबसे पहले निगम की एक टीम जिला अस्पताल रोड पर पहुंची। नावल्टी चौराहे से जिला अस्पताल गेट और इंद्रा मार्केट तक सड़क किनारे लगी रेहड़ियो, ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। सामान जब्त किया गया। इस कार्रवाई से दुकानदार अफरा तफरी में मच गई, लेकिन निगम की टीम ने बुलडोजर कार्रवाई जारी रखी। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि कुछ ही देर में रोड पर जाम की स्थिति खत्म हो गई और ट्रैफिक सुचारू होने लगा। निगम की दूसरी टीम ने चौधरी मोहल्ला में एक धार्मिक स्थल के आसपास अभियान चलाकर नाले पर अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। सड़क किनारे रखे सामान को भी जब्त किया। राजस्व निरीक्षक ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से 12,000 रुपये का जुर्माना वसूला। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि जिला अस्पताल रोड और अन्य व्यस्त मार्गों से अतिक्रमण हटाने की यह पहली कार्रवाई नही है। पहले भी कई वार अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ ही दिनों में दुकानदार दोबारा सड़क पर कब्जा जमा लेते है। स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य न केवल सड़क किनारे की अव्यवस्था को दूर करना है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित और सुचारू यातायात सुनिश्चित करना भी है। शहर की सड़कें व्यवस्थित बनायी जा सके। आवाजाही मे लोगों को राहत मिले।।
बरेली से कपिल यादव
