आंवला, नवाबगंज, बरेली। यूजीसी के नियमों को लेकर सवर्ण समाज ने गुरुवार को कस्बे में जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। बाद में सवर्ण समाज के लोगों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को श्री कृष्णा इंटर कॉलेज से शुरू हुआ जुलूस मुख्य मार्ग होता हुआ तहसील पहुंचा। जहां लोगों ने यूजीसी के नियम के विरोध में नारेबाजी करते हुए इसे वापस लेने की मांग की। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति, राज्यपाल व सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार शिवा वर्मा को सौंप कार्रवाई की मांग की। वही आंवला वार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार वृजेश कुमार वर्मा को सौंपते हुए नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की। आंवला बार एसोसिएशन के महासचिव राजपाल मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित विरोध कार्यक्रम मे अधिवक्ताओं ने कहा कि यूजीसी के नए नियम देश सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने वाले है। उनका आरोप है कि इन नियमों की आड़ मे विशेष रूप से सवर्ण समाज को शिक्षा जैसे मूल अधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। नए नियमों के तहत शिकायतों पर मात्र सात दिन के भीतर कार्रवाई का प्रावधान है, जवकि समुचित सुनवाई की प्रक्रिया स्पष्ट नही की गई है। इससे शिक्षा संस्थानों में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न होने की आशंका है।।
बरेली से कपिल यादव
