भोजीपुरा, बरेली। जिले मे रविवार सुबह घने कोहरे की वजह से अलग-अलग तीन सडक हादसो मे एक युवक की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। जिनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। एक हादसा बदायूं रोड और दो नैनीताल हाईवे पर हुए। बदायूं रोड पर देवचरा तिराहे पर घने कोहरे मे सड़क हादसे मे बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम रामचंद्रपुर के मुकेश (22) की मौत हो गई और उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के पिता प्रेम राज ने बताया कि मुकेश अपने चाचा करन के साथ बदायूं स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में वेटर का काम करने गया था। सुबह दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। तभी देवचारा तिराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मुकेश को मृतक घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आधार कार्ड से पहचान होने पर परिजनों को घटना की सूचना दी। घर वालों के अनुसार मुकेश पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और बैटरी फिटिंग का काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई पिकअप, पांच घायल
भोजीपुरा। कोहरे के चलते तेज रफ्तार पिकअप ओवरब्रिज पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई। इस हादसे में पिकअप सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया तो पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटाकर आवागमन सुचारु कराया। भोजीपुरा के कस्बा धौराटांडा निवासी आकाश कश्यप आलू व्यापारी हैं। रविवार को वह अपने पिकअप वाहन में कस्बे के ही आकाश, उसके छोटे भाई टीटू, जलीस अहमद, दिलशाद और हसनैन के साथ डेलापीर मंडी मे सब्जी मंडी मे सब्जी खरीदने गए थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे डेलापीर से लौटते समय कोहरे के चलते उनकी पिकअप भोजीपुरा ओवरब्रिज पर सीमेंट से लोड खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई। हादसे में पिकअप में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायलों आकाश, टीटू और जलीस अहमद की हालत गंभीर हुई है। हसनैन व दिलशाद को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर वाहनों की कतार लग गई। इस पर पुलिस ने क्रेन मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन वहां से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रभारी निरीक्षक अमित पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली व पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। अभी किसी पक्ष ने मामले की तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर मिलती है तो हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शादी मे जा रहे परिवार की वैन मे ट्रक ने टक्कर मारी, नौ घायल
भमोरा। शादी समारोह मे शामिल होने जा रहे परिवार की वैन मे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें मासूम समेत नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव धनतिया निवासी लवलेश श्रीवास्तव ने बताया कि कुड्ढा में रहने वाले उनके मामा की बेटी की शनिवार को बरेली-बदायूं रोड स्थित एक बारात घर में शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए लवलेश पत्नी सुनीता, बेटी, दामाद, धेवते रियांश, रिया और दिल्ली निवासी राजेंद्र, नवादा की ज्योति, सरला देवी, धनतिया की कुमकुम और अनुज कुमार के साथ वैन से जा रहे थे। बरेली-बदायूं हाईवे पर आलमपुर जाफराबाद गांव के पास पीछे से ट्रक ने वैन मे टक्कर मार दी। जिससे वैन मे सवार नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल भेजा।।
लखनऊ हाईवे पर कोहरे मे टकराए ट्रक, दो घायल
फरीदपुर। घने कोहरे की वजह से हाईवे पर दो ट्रक टकरा गए। जिससे दोनों के चालक घायल हो गए। हादसे के बाद एक ट्रक में भरा आलू हाईवे पर बिखर गया। पुलिस ने घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे की वजह से करीब एक घंटे हाईवे जाम रहा। पुलिस ने दोनों ट्रकों को क्रेंन से हटाकर जाम खुलवाया। रविवार सुबह करीब आठ बजे लुधियाना से आलू लेकर बंगाल जा रहा ट्रक फरीदपुर में जेड गांव के पास पहुंचा। ट्रक को लुधियाना के हरमन चला रहे थे। घने कोहरे की वजह से उन्हें सामने से आ रहा ट्रक नही दिखा और भीषण टक्कर हो गई। हादसे मे हरमन और दूसरे ट्रक के चालक पिंकू गंभीर घायल हो गए। हरमन ट्रक के केबिन में फंस गए और ट्रक में भरा आलू भी सड़क पर बिखर गया। इससे हाईवे की एक लेन बंद हो गई। जाम लगने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों ट्रकों के ड्राइवर को निजी अस्पताल भिजवाया। क्रेन से दोनों ट्रकों को हटवाकर यातायात चालू कराया। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि कोहरे की वजह से दो ट्रकों में टक्कर हुई। एक ट्रक गलत दिशा से आ रहा था।।
बरेली से कपिल यादव
