बरेली। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने रविवार को लखनऊ मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बरेली बवाल मे हुई कार्रवाई की पूरी जानकारी ली और कोर्ट मे कड़ी पैरवी के निर्देश दिए ताकि उन्हें कोई राहत न मिल सके। डीएम ने मुख्यमंत्री को रामायण वाटिका मे लगी श्रीराम की प्रतिमा के अनावरण का भी न्यौता दिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि लखनऊ में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद बरेली मे हुए बवाल और इस प्रकरण में की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी दी गई। कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से पुलिस इसी तरह सख्ती से पेश आए। उन्होंने स्थानीय स्तर से लेकर हाईकोर्ट तक मामले की पैरवी करने को भी कहा ताकि आरोपियों को कही से राहत न मिल सके। मुख्यमंत्री ने डीएम अविनाश सिंह से सरकार की योजनाओं पर बात करते हुए कहा कि प्रशासनिक अमला जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करे। इस दौरान डीएम ने बीडीए द्वारा तैयार रामायण वाटिका की जानकारी देते हुए उसमे लगाई श्रीराम की प्रतिमा के अनावरण के लिए मुख्यमंत्री को बरेली आने का न्यौता दिया। डीएम ने यह भी बताया कि पंडित राधेश्याम कथावाचक की भी एक प्रतिमा स्थापित कराई जा रही है और उनके नाम पर एक कॉलेज का भी नामकरण किया जा रहा है। इसके लोकार्पण के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री से बरेली आने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनके अनुरोध स्वीकार करते हुए बरेली आने का आश्वासन दिया है। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को हनुमान जी की प्रतिमा भी भेंट की।।
बरेली से कपिल यादव
