बरेली। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक अध्यक्ष व नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि नेपाल की तरह देश के लोगों का सरकार से विश्वास उठता दिख रहा है। उप्र मे आक्रोश सबसे ज्यादा है। भाजपा की धर्म की राजनीति से लोकतंत्र खतरे में है। आजाद समाज पार्टी संविधान की रक्षा और कमजोर वर्गों के हित के लिए संघर्ष कर रही है। बुधवार को संजय कम्युनिटी हाल में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने के बाद वह मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धर्म की राजनीति से समाज का सौहार्द बिगाड़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री भाषण में कभी रोजगार, शिक्षा और दूसरे जनहित के मुद्दों की बात नही करते है। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में पशु तस्करों ने सरेआम दीपक गुप्ता की हत्या कर कानून व्यवस्था की असली तस्वीर उजागर कर दी है। किसान खाद बीज के लिए भटकने संग छुट्टा पशुओं की समस्या से भी त्रस्त है। कहा कि हिंदू-मुस्लिम राजनीति का भाजपा का नया केंद्र उत्तराखंड बना है। सम्मेलन में चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश मे 2027 का चुनाव प्रदेश के भविष्य के लिए निर्णायक होगा। केंद्र व प्रदेश सरकार के साथ एक संत के बयान पर भी निशाना साधा। कहा कि उप्र विकास नहीं, बल्कि विनाश की राह पर चल रहा है। आरोप लगाया कि कमजोर वर्ग और मुसलमानों पर अत्याचार हो रहे हैं, उनके अधिकार छीने जा रहे हैं। 1931 के बाद से अब तक संपूर्ण जातिगत जनगणना नहीं हुई है। समय आ गया है कि जातिगत के साथ आर्थिक गणना भी की जाए। उन्होंने कहा कि हिन्दू-मुस्लिम राजनीति का भाजपा का नया केंद्र उत्तराखंड बना है। इस राज्य में मदरसा बोर्ड खत्म करने के साथ ही सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूनिफार्म सिविल कोड) बनाने का काम भी किया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अतुल वाल्मिकी, खुर्शीद खान, सुशील कुमार गौतम, सैम मैसी, डॉ. सोहिल खान, अच्छन अंसारी एडवोकेट, संजीव सागर कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव