बरेली। अवंतीबाई लोधी परिवार की ओर से रविवार को अर्बन हार्ट सभागार में लोधी मेधावी सम्मान समारोह में 300 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा और विशिष्ट अतिथि मेयर डॉ. उमेश गौतम, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा शामिल हुए। सभा अध्यक्ष गौरव राजपूत ने मंत्री का स्वागत 51 किलो फूलों की माला पहनाकर किया। मंत्री बीएल वर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं को मल्टी-टास्किंग होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आसान कोर्स की बजाय विज्ञान और कठिन विषयों को चुनने का आग्रह किया। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि वर्तमान में प्रत्येक व्यक्ति के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा से ही समाज का उत्थान संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि अपने बच्चों को शिक्षित करें। युवा लोधी सभा के अध्यक्ष गौरव राजपूत ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि कभी हम अपने लक्ष्य से न डिगें और कठिन परिश्रम करें। समारोह में दो खास हस्तियों को भी सम्मान मिला। महापौर डॉ. उमेश गौतम और विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा को बरेली रत्न सम्मान से नवाजा गया। इस दौरान सभा मे मौजूद लोग तालियां बजाकर लगातार उनका उत्साह बढ़ाते रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक दीनदयाल लोधी, अध्यक्ष गौरव राजपूत, संरक्षक मोहन राजपूत समेत कई समाजसेवियों की अहम भूमिका रही। बड़ी संख्या में मेधावी छात्र अपने अभिभावकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और मंच से सम्मान पाकर गर्व से झूम उठे।।
बरेली से कपिल यादव
