बरेली, अलीगंज। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव राजपुर कला मे शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में करीब पौन घंटे तक ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। सूचना के एक घंटे बाद जब पुलिस पहुंची तब तक दोनों पक्षों के लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने एक ट्रैक्टर बरामद किया है। अलीगंज-सिरौली मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित 44 बीघा जमीन को लेकर यह विवाद वर्षों से चल रहा है। जमीन स्वर्गीय प्यारेलाल उर्फ वफा साहब की थी। जमीन पर लंबे समय से दो पक्षों के कब्जे का दावा चला आ रहा है। एक पक्ष दौलतराम व उनके पुत्र रामू के नाम वसीयत दिखाकर 40-45 वर्षों से कब्जे मे है जबकि दूसरा पक्ष (प्यारे लाल के परिजन-सुरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, वीरेश पाल सिंह, बालू सिंह, प्रेमपाल सिंह) ने कोर्ट मे दावा किया और उनके नाम खतौनी मे दर्ज भी हो गया। इसके बावजूद कब्जा सूरजपाल सिंह के परिजनों के पास ही रहा। शनिवार को दूसरे पक्ष के लोग जमीन जोतने पहुंचे। इसे रोकने के लिए प्रथम पक्ष के लोग भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में फायरिंग हो गई। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। जिसमे राहुल (26 वर्ष) अतुल यादव (33 वर्ष) सुरेश सिंह (62 वर्ष) वीरेश सिंह (70 वर्ष) अनूप सिंह (24 वर्ष) घायल हुए है। सूचना पर आंवला सीओ नितिन कुमार और अलीगंज थाना प्रभारी रजित राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नही दी थी।।
बरेली से कपिल यादव