बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र के क्यारा ब्लॉक के कांधरपुर गांव के प्राइमरी स्कूल में शुक्रवार दोपहर रबर के पेड़ की सूखी डाल अचानक गिर पड़ी। इससे तीन छात्राएं घायल हो गईं। इनमें लाल फाटक निवासी 15 वर्षीय सृष्टि, कांधरपुर गांव की 12 वर्षीय सुमनलता और 14 वर्षीय पूजा शामिल हैं। घटना के बाद स्कूल के शिक्षक तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां से हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे घायल छात्राओं के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। वही शिक्षक व बेसिक शिक्षा अधिकारी बता रहे हैं कि बंदर के हिलाने से डाल टूट गई। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले एक पेड़ बीच मे से फट कर गिर गया था। इसके बावजूद अधिकारियों ने कोई कदम नही उठाया था। प्रधानाध्यापक सबीना ने बताया कि मिडडे मील खाने के बाद बच्चे वही मौजूद थे। इस दौरान वह भी उसी पेड़ के नीचे पहुंची और बच्चों को प्रशिक्षण दे रही थी। इसी समय बंदरों के कूदने के कारण डाल टूट कर बच्चों पर गिर गई। उन्होंने बताया मौके पर होने के कारण डाल उनके सिर पर भी लगी थी। हालांकि, गंभीर चोट नही लगी है। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि घटना में बच्चों को हल्की चोटें आई है। उन्हें तुरंत ही प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद मैं खुद उन्हें देखने के लिए अस्पताल गया था और बच्चों से हालचाल लिया।।
बरेली से कपिल यादव