बरेली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी का चरित्र हमेशा हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों पर विवादित टिप्पणी करने वाला रहा है। धर्मगुरुओं की बात हो या हमारी आस्था व परंपराओं की। उनकी सरकार के दौरान कांवड़ यात्रा को बाधित करने की कोशिश होती थी। कांवड़ यात्रा को लेकर जो घटनाएं सामने आ रही है। वो कहीं न कहीं सुनियोजित षडयंत्र का हिस्सा हो सकती है। प्रदेश अध्यक्ष ने सर्किट हाउस में शनिवार सुबह मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के कॉरिडोर वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा सपा ने हमेशा धार्मिक भावनाओं का अपमान किया है। अयोध्या मे राम मंदिर निर्माण से लेकर कांवड़ यात्रा तक, इनकी सोच हमेशा हिंदू विरोधी रही है। समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा हिंदू धर्म, संतों और धार्मिक ग्रंथों के खिलाफ की गई टिप्पणियां उनके सनातन विरोधी चरित्र को दर्शाती हैं। भाजपा सरकार में हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक आस्था के अनुरूप त्योहार मनाने की पूरी स्वतंत्रता है। सभी समुदायों के त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो, इसके लिए पुख्ता व्यवस्था की है। कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है। राज्य सरकार ने ने शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से कांवड़ यात्रा संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। अगर कोई कानून अपने हाथ में लेता है तो सरकार उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करेगी। अराजकता की इजाजत किसी को नही है। पुलिस जांच कर रही है और जांच के बाद ही सारी बातें स्पष्ट होंगी लेकिन सपा जिस तरह धार्मिक कार्यक्रमों को विवादित करने की कोशिश कर रही है। वह संदेहास्पद है और यह किसी षडयंत्र का हिस्सा भी हो सकता है। भूपेंद्र चौधरी ने शिक्षक रजनीश गंगवार द्वारा लिखी विवादित कविता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा हमें किसी भी धर्म या संप्रदाय की भावनाओं को आहत नही करना चाहिए। कुछ लोग जानबूझकर एक विशेष संप्रदाय को लक्ष्य करके विवाद खड़ा करते है जो बर्दाश्त नही किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव