बरेली। शहर के सिविल लाइंस मे गुरुवार को पेड़ गिरने से एक घंटा आवाजाही बंद रही। शहरभर मे अलग-अलग फाल्ट से बिजली संकट गहरा गया। कुतुबखाना-सिविल लाइंस उपकेंद्र पर भी 33केवी लाइन फेल हो गई। तेज हवा के साथ बारिश के दौरान शहर भर में लोकल फाल्ट होने से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार की शाम को तेज हवा के साथ बारिश हुई। इस दौरान बिजली और यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शाम करीब 4:15 बजे तेज हवा से सिविल लाइंस स्थित मुख्य वन संरक्षण कार्यालय के बाहर विशालकाय पेड़ गिर गया। इससे यातायात पूर्ण रूप से बाधित हो गया और बिजली के तार टूटने के कारण बिजली आपूर्ति भी कट गई। सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों ने पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद बिजली सप्लाई को बंद किया गया। थाना व ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को रोका। लगभग एक घंटे तक जाम की वजह से वाहन खड़े रहे और करीब 5:30 बजे आवागमन सुचारू हो सका। वही बिजली के तार टूटने के कारण सिविल लाइंस प्रथम के आवास विकास फीडर भी पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया। इस दौरान फीडर से पोषित पॉश इलाके आवास विकास कॉलोनी, सिविल लाइंस, बियावानी कोठी, खुर्रम गौटिया के लगभग छह हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बिजली निगम की टीम ने साढ़े तीन घंटे बाद 7:45 बजे टूटे तारों को जोड़ आपूर्ति को बहाल किया। बारिश और आंधी के दौरान 33केवी लाइन फेल होने से शाम चार बजे कुतुबखाना उपकेंद्र की सप्लाई ठप हो गई। इस दौरान उपकेंद्र से जुड़े लगभग 12 हजार उपभोक्ता बिजली संकट से जुझते रहे। सूचना पर पहुंचे बिजली निगम के कर्मचारियों ने फाल्ट को ठीक किया, इसके बाद लगभग रात आठ बजे फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति को सुचारू किया जा सका।।
बरेली से कपिल यादव