शेरगढ़ मे ट्रांसफार्मर बना आग का गोला, बचे राहगीर, सीबीगंज सबस्टेशन से चार घंटे की कटौती से लोग हुए बेहाल

शेरगढ़, बरेली। गर्मी का पारा चढ़ते ही शहर में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। गर्मी में बिजली का लोड बढ़ते ही ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं। शेरगढ़ के मवई वाजियान मे सलमानी मार्केट के पास रखे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर पर 175 घरेलू और कॉमर्शियल कनेक्शन विभाग ने दे रखे है। लेकिन कई बार क्षमता वृद्धि के लिए ग्रामीणों ने अधिकारियों के यहां शिकायतें की लेकिन बिजली विभाग ने उसका संज्ञान नही लिया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर से धुंआ निकल रहा था, लेकिन ट्रांसफार्मर नही बदला गया। जिसके चलते गुरुवार की दोपहर को ट्रांसफार्मर मे आग लग गई। जिसके बाद ट्रांसफार्मर आग का गोला बन गया। आग की चपेट मे आने से कई ग्रामीण बाल-बाल बच गए। आग लगने से बिजली गुल हो गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वही सीबीगंज सबस्टेशन ओवरलोड हो जाने से गुरुवार को चार घंटे की कटौती की गई। उसके बाद लोहिया विहार सबस्टेशन से आपूर्ति को बहाल कराया गया। वही सनसिटी सबस्टेशन के बन्नूवाल नगर मे बंच केबल मे आग लग जाने से आपूर्ति प्रभावित हो गई। शहर के अन्य इलाकों में भी लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान होते रहे। सीबीगंज सबस्टेशन के सीबीगंज, खलीलपुर रोड, स्लीपर रोड, लोहिया विहार, शिवनगर, पिंक सिटी आदि मोहल्लों में गुरुवार दोपहर 2 बजे बिजली गुल हो गई। उसके बाद शाम 6 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओं अभिषेक कपासिया ने बताया कि सीबीगंज सबस्टेशन ओवरलोड हो गया था। जिसकी वजह से शटडाउन लेकर कुछ लोड कम करके लोहिया विहार सबस्टेशन पर डालकर आपूर्ति को बहाल कराया गया। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने भी अधीक्षण अभियंता के साथ लोहिया विहार सबस्टेशन का निरीक्षण किया। गुरुवार शाम 6 बजे सनसिटी सबस्टेशन के बन्नूवाल नगर में बंच केबल जल गई, जिससे रात 9 बजे तक क्षेत्र में आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा रामपुर गार्डन, कुतुबखाना आदि जगह पर भी लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या रही। सुबह, सनसिटी, महानगर, हरुनगला, जगतपुर आदि जगह पर कटौती से उपभोक्ता परेशान हुए। सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, किला और डेलापीर से जुड़े इलाके में भी कटौती की गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *