बरेली। गुरुवार को कार्य बहिष्कार के 72 घंटे का पूरा होने के बाद संविदा कर्मचारी तमाम मांगों के संबंध में ज्ञापन देने मुख्य अभियंता के पास पहुंचे तो उन्होंने ज्ञापन लेने से इन्कार कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि कार्य बहिष्कार के बाद अब शुक्रवार को आगामी हड़ताल की रणनीति बनाएंगे। बिजली विभाग के 157 संविदा कर्मचारियों को छंटनी के आदेश के तहत 1 मई से काम से निकालकर सेवा समाप्त कर दी गई थी। मंगलवार से संविदा कर्मचारी 72 घंटे के कार्य बहिष्कार पर चले गए थे। वह तीन दिन से सर्किट हाउस के सामने मुख्य अभियंता कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। गुरुवार को संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के 72 घंटे पूरे हो गए। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रिंकू श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार की दोपहर को संगठन के पदाधिकारी मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने संविदा कर्मचारियों से ज्ञापन लेने से ही इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि अब शुक्रवार को संगठन के शीर्ष नेताओं से बात करके आगे की रणनीति तय की जाएगी। कर्मचारियों को अगर वापस काम पर नही रखा गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव