बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सलीम इकबाल शेरवानी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए के लोगों के खिलाफ साजिश के तहत उनके आरक्षण और संविधान में दी गई ताकतों को खत्म किया जा रहा है। यह उसी का नतीजा था कि 2024 लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव की अगुवाई में पीडीए को साथ जोड़ते हुए सपा यूपी की सबसे बड़ी और देश की तीसरे नंबर की पार्टी बनकर उभरी। उन्होंने यह बातें बृहस्पतिवार को पीडीए जन संवाद कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। उन्होंने समीक्षा में पाया कि बरेली पीडीए पंचायत में अव्वल रहा है। जिला और महानगर में शत प्रतिशत सेक्टर वार पंचायते की गई। बोले कि विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए जन जन तक पीडीए पंचायत के माध्यम से संविधान में दी गई ताकतों और अधिकारों के लिए जनता को जागरूक किया गया है। कहा कि भाजपा की पीडीए के खिलाफ साजिशों को बेनकाब कर 2027 में सपा की सरकार बनाने में जुट जाएं। जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा कि सरकार दलित, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार काम कर रही है। जनता 2027 में सपा की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। महानगर अध्यक्ष की शमीम खां सुल्तानी ने समीक्षा बैठक में आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन कर पीडीए पंचायत में उनकी सहभागिता की सराहना की। संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। इस दौरान पूर्व मंत्री आबिद रजा, विधायक शहजिल इस्लाम, राष्ट्रीय सचिव ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर, पूर्व विधायक महीपाल सिंह यादव, पंडित आरके शर्मा, विजय पाल सिंह, प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, साजिद खान, कदीर अहमद, रविंद्र सिंह यादव, बृजेंद्र यादव, दीपक शर्मा, राजेश अग्रवाल, डॉ. अनीस बेग, बृजेश श्रीवास्तव सविता, स्मिता यादव, गौरव सक्सेना, ममता सागर, शशि चंद्रा, राम बहादुर लोधी, द्रोण कश्यप, सैय्यद फरहान अली, राम सेवक प्रजापति, संजीव कश्यप, संदीप मौर्य आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव