नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव गंगापुर मे ब्रहमदेव स्थल पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की फ्लेक्सी लगाकर जयंती मनाई गई। कुछ ग्रामीणों के विरोध पर पुलिस ने दोपहर में लोगों को समझाकर फ्लेक्सी हटवा दी, लेकिन कुछ घंटों के बाद लोगों ने फिर उसी स्थल पर फ्लेक्सी लगा दी। इसको लेकर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव है। एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि ब्रहमदेव स्थल पर लगाई गई फ्लेक्सी विरोध पर सहमति से हटवाई गई थी। दोबारा लगाए जाने की जानकारी नही मिली है। जांच कराकर मामले का निस्तारण कराया जाएगा। बताते हैं कि शिकायत पर पुलिस के साथ पहुंचे ग्राम के लेखपाल ने ब्रहमदेव स्थल पर लगी फ्लेक्सी को ग्रामीणों की सहमति से हटवा दिया था। शाम 5 बजे पहुंचीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सिंह सागर की पहल पर पुनः फ्लेक्सी लगा दी गई। कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि फ्लेक्सी दोबारा लगाए जाने की जानकारी नहीं है। बताते हैं कि एक पक्ष ब्रहमदेव स्थल पर फ्लेक्सी लगाने का विरोध कर रहा है। जबकि किसी अन्य स्थल पर फ्लेक्सी लगाने की बात पर सहयोग करने की बात कह रहा है।।
बरेली से कपिल यादव