अपनी मांगों को लेकर धरना देते भाकियू के पदाधिकारी, लखनऊ मे छह अक्तूबर को जुटेंगे सूबे के किसान

बरेली। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कमिश्नरी पर धरना दिया। इस दौरान वे मंडलायुक्त के नाम का ज्ञापन लेकर पहुंचे थे। किसान मंडलायुक्त को ज्ञापन लेने के लिए बुलाने की मांग कर रहे थे। दोपहर तकरीबन दो बजे से शुरू हुआ उनका धरना-प्रदर्शन शाम तकरीबन 4 बजे तक चल रहा था। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को भी दोपहर दो बजे किसान यूनियन के सदस्य मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना देने के लिए पहुंच गए। वे वहां पर अपनी 10 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। मंडलायुक्त कार्यालय पर पहुंचे किसानों का कहना था कि उन्हें आश्वासन नहीं बल्कि उनकी मांगों को पूरा करने का ठोस भरोसा चाहिए। वे मंडलायुक्त को बुलाने की मांग कर रहे थे। भाकियू की युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने शुक्रवार को कहा कि सरकार चार साल से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर रही बल्कि किसान संगठनों को तोड़ने मे लगी है। किसान छह अक्तूबर को महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर लखनऊ में एकत्र होंगे और मुद्दे उठाएंगे। इस दौरान प्रदेश महासचिव चौ.शिशुपाल सिंह और जिलाध्यक्ष चौ.सोमवीर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे किसानों का कहना था कि इस समय सबसे बड़ी संख्या छुट्टा पशुओं की है। किसानों को उनसे जल्द निजात दिलाई जाए। इसके साथ ही बाढ़ में खराब हुई फसल का जल्द मुआवजा देने, 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वृद्धों को पेंशन देने, देहात क्षेत्रों में सभी पात्रों के राशन कार्ड बनवाने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित पात्रों को योजना का लाभ देने और गन्ना भुगतान समय से करवाने की मांग किसान कर रहे थे। प्रदर्शन मे प्रदेश अध्यक्ष राजपाल सिंह, प्रमुख महासचिव बिजेंद्र सिंह यादव, प्रमुख महासचिव योगेंद्र कुमार यादव शिशुपाल सिंह प्रदेश महासचिव, पीलीभीत के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, बदायूं के जिलाध्यक्ष रामाशंकर संखधार, शाहजहांपुर के अध्यक्ष अनिल यादव, संभल के जिलाध्यक्ष मानपाल सिंह, बलजिंदर सिंह मान प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड, सोमवीर सिंह जिलाध्यक्ष बरेली, जिला प्रवक्ता हाजी एम इकबाल आदि मौजूद रहे। धरने का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सतविंद्र सिंह कहलो ने किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *