बरेली। सोमवार को अशरफ के साले सद्दाम का कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर लिया है। थाना बारादरी पुलिस ने कोर्ट से बी वारंट की मांग की थी जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। सोमवार को आरोपित सद्दाम एसीजेएम प्रथम आशुतोष के कोर्ट में पेश हुआ था। इसके बाद बदायूं पुलिस फिर से उसे वापस जेल ले गई। अब हर 14 दिन मे उसकी इसी कोर्ट मे पेशी होगी। 07 मार्च 23 को थाना बारादरी मे कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद हसीन ने बारादरी मे मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि, उनके भाई तसलीम का एक मकान फाइक इन्क्लेव में है, जिसकी देखरेख वह करते है। आरोप था कि बीते दिनों उनके पास एक मुस्ताक नाम का व्यक्ति मकान किराए पर लेने के लिए आया था। उसने रेंट एग्रीमेंट भी साइन कराए थे। आरोप है कि जनवरी 23 मे जब वह मकान का किराया लेने के लिए उसके पास गए तो आरोपित ने धमकाते हुए कहा था कि उसका नाम सद्दाम हैं और वह प्रयागराज का रहने वाला है। आरोप है कि आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी थी। हसीन ने आरोप लगाया कि आरोपित सद्दाम ने कूट रचित तरह से फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए थे। इस मामले में बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया था। उसे गिरफ्तार कर पाते इससे पहले ही उसे बिथरी थाने मे हुई प्राथमिकी के मामले मे जेल भेज दिया गया। वर्तमान मे आरोपित बदायूं जेल में है इसलिए रुहेलखंड चौकी इंचार्ज विपिन चौधरी ने कोर्ट मे बी वारंट की अर्जी लगाई थी। जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी और सोमवार को उसे बरेली लाया भी गया था। अब बारादरी पुलिस आरोपित सद्दाम से मोहम्मद हसीन के मामले मे बदायूं जेल मे पूछताछ करेगी और हर 14 दिन मे उसकी पेशी बरेली कोर्ट मे की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
