बरेली। राज्यमंत्री एवं शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पुलिस परीक्षा दोबारा कराने का अनुरोध किया है। पत्र मे मंत्री ने लिखा है कि उनसे मिले कुछ युवाओं ने उन्हें बताया कि पुलिस भर्ती के चारों पाली का पेपर लीक हो गया था। उन्होंने इसके साक्ष्य भी दिए। इसी आधार पर पेपर लीक को उन्होंने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए मामले की जांच कराने और दोबारा पेपर कराने का अनुरोध किया है। सोमवार की दोपहर जनपद के सात-आठ युवा वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना से मिले। मंत्री के मुताबिक युवाओं ने उनसे कहा कि 17 एवं 18 फरवरी को चार पालियों में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया था। पत्र में मंत्री ने कहा है कि पेपर लीक होने से परीक्षार्थियों का बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इसके दृष्टिगत अपने स्तर से आवश्यक आदेश कर धांधलेबाजी में लिप्त दोषियों पर कार्रवाई कर निष्पक्ष पेपर कराने की कृपा करे। वही, यूपी पुलिस पेपर लीक होने का लगातार खंडन कर रही है। सोशल साइट एक्स पर यूपी पुलिस के फैक्ट चेक हैंडल से पेपर लीक को अफवाह करार दिया गया है। इसमें कहा गया है कि अराजक तत्व ठगी के लिए टेलीग्राम की एडिट सुविधा का उपयोग कर सोशल मीडिया पर पेपर लीक संबंधी भ्रम फैला रहे हैं। पुलिस और भर्ती बोर्ड इनकी तलाश कर रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
