फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव पनबड़िया के जंगल में हत्या करके फेंकी गई महिला की शुक्रवार को भी शिनाख्त नही हो सकी। पुलिस ने इसके लिए महिला के फोटो आसपास के जिलों मे भी भेजे है। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गुरुवार की सुबह पनबड़िया गांव के जंगल मे जगदीश के खेत किनारे महिला का अर्द्धनग्न शव मिला था। महिला की साड़ी से ही गला घोंटकर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। मगर शिनाख्त न होने के कारण शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम नही हुआ। एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों में उसका फोटो भिजवाया गया है। शनिवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। वही फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने भी क्षेत्र मे महिला की शिनाख्त के लिए पंपलेट बांटे और सोशल मीडिया पर भी उसकी जानकारी वायरल की है।।
बरेली से कपिल यादव