जनपद में 09 अक्टूबर को भव्यता से मनाई जाएगी महर्षि वाल्मीकि जयंती

हमीरपुर – 09 अक्टूबर 2022 को महर्षि वाल्मीकि जयन्ती मनाए जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण की अध्यक्षता मे एक आवश्यक बैठक कैम्प कार्यालय में आयोजित की गयी।
बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त बीडीओ, ईओं नगर पालिका/नगर पंचायत एवं अन्य संबंधित को कार्यक्रम आयोजन स्थल में साफ सफाई, पीने के पानी, प्रकाश/साज सज्जा के उचित प्रबन्ध करने के निर्देश दिये। साथ ही कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध व गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद में विद्वानों/ स्थानीय कलाकारों / सांस्कृतिक दलों के माध्यम से वाल्मीकि रामायण का पाठ तथा भजन -कीर्तन आदि का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इस हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम के आयोजन हेतु शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के बारे मे विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि महर्षि वाल्मीकि विश्व के आदि कवि हैं जिन्होने विश्व प्रसिद्ध कालजयी कृति रामायण महाकाव्य की रचना की। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण सामाजिक मूल्यों, मानव मूल्यों एवं राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित स्थल जिन्हे राम-जानकी मार्ग, राम वन-गमन मार्ग आदि के रूप में जाना जाता है, सम्पूर्ण भारत वर्ष में लगभग 280 स्थलों के रूप में आज भी विद्यमान हैं। उत्तर प्रदेश में राम-जानकी मार्ग तथा राम वन-गमन मार्ग के अन्तर्गत अनेक स्थल विद्यमान हैं जहाँ भारतीय संस्कृति के मूल तत्व एवं मान्यताएं सुरक्षित हैं। इस वर्ष आगामी 09 अक्टूबर 2022 को महर्षि वाल्मीकि की जयन्ती का पावन दिवस है जिसे प्रदेश के समस्त जनपदों में भव्य रूप में मनाये जाने का निर्णय शासन द्वारा लिया गया है। वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों व राष्ट्र मूल्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार व जनमानस को इससे जोड़ने के लिए महर्षि वाल्मीकि से सम्बन्धित स्थलों/मंदिरों आदि पर दीप प्रज्ज्वलन/दीप दान के साथ-साथ अनवरत् 08, 12 अथवा 24 घण्टे का वाल्मीकि रामायण का पाठ किये जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। श्रीराम व श्री हनुमान तथा रामायण से सम्बन्धित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों/मंदिरों का चयन करते हुए वहां सुरूचिपूर्ण आयोजन के साथ रामायण पाठ/भजन आदि के कार्यक्रम कराये जायेंगे। वाल्मीकि जयन्ती के कार्यक्रम को भव्य तरीके से सम्पन्न कराने तथा सम्पन्न कराये गये कार्यक्रमों के विवरण/फोटोग्राफ्स संस्कृति विभाग के नोडल अधिकारी के ई-मेल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।इस अवसर पर सीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्रा ,डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश , पीडी साधना दीक्षित , समस्त बीडीओ व ईओ सहित अन्य संबंधित मौजूद रहेे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *