बरेली। रविवार को थैंक गॉड फिल्म के विरोध में कायस्थ समाज ने विरोध प्रदर्शन किया और फिल्म अभिनेता अजय देवगन का पुतला भी फूंका। पार्षद गौरव सक्सेना ने कहा कि फिल्म मे भगवान चित्रगुप्त के चित्रण को अभद्र तरीके से दिखाया गया है और कई ऐसे सीन है जिसकी वजह से धार्मिक भावना आहत हुई है। फिल्म की पब्लिसिटी के लिए धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है। रविवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंद्रसेन श्रीवास्तव, युवा प्रदेश अध्यक्ष पार्षद गौरव सक्सेना के नेतृत्व मे केडीएम इंटर कॉलेज से श्री चित्रगुप्त चौक तक नारेबाजी करते हुए मार्च पास्ट निकाला गया। जहां चौक पर फिल्म अभिनेता अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, सेंसर बोर्ड, बॉलीवुड और फिल्म थैंक गॉड का पुतला फूंका गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंद्रसेन श्रीवास्तव ने कहा कि बॉलीवुड मे एक अभियान के तहत हिंदू देवी-देवताओं के अपमान किया जा रहा है। जिसके क्रम में आने वाली मूवी थैंक गॉड मे अभिनेता अजय देवगन द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त जी का किरदार पाश्चात्य वेशभूषा में गलत तरह से निभाया गया है। फिल्म में अभिनेताओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी का अपमान कर गलत चित्रण किया गया है। प्रदेश युवा अध्यक्ष पार्षद गौरव सक्सेना ने कहा कि सेंसर बोर्ड आंखों पर पट्टी बांधकर फिल्म को पास कर देता है जितना फिल्म के निर्माता निर्देशक अभिनेता भगवान श्री चित्रगुप्त जी का अपमान करने के दोषी हैं उतना ही सेंसर बोर्ड भी। पूर्व में भी बॉलीवुड फिल्मों द्वारा हिंदू देवी देवताओं का अपमान किया गया एवं हिंदू समाज के इतिहास को तोड़ मरोड़ कर दिखाया जाता है। प्रतीत होता है बॉलीवुड जान बूझकर हिंदू आस्था पर प्रहार करता है। प्रदेश महामंत्री श्याम चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज अपने इष्ट देवता भगवान श्री चित्रगुप्त जी के अपमान के विरोध में समस्त वैधानिक प्रक्रियाओं को अपनाते हुए हर स्तर पर विरोध दर्ज कराएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
