बरेली। रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश अध्यक्ष पद को छोड़कर सभी संगठन, महिला सभा, प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया। ट्वीट के माध्यम से समाजवादी पार्टी की ओर से जानकारी दी गई। इस खबर के बाद स्थानीय संगठन मे तमाम तरह की कयासबाजी शुरू हो गई। कार्यकारिणी भंग किए जाने को लेकर निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने बताया कि यह कोई नई बात नही है। विधानसभा चुनाव के बाद हर बार यह कार्रवाई होती है। अब नए सिरे से संगठन को खड़ा किया जाएगा। इससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी। कर्मठ और युवाओं को पार्टी में दोबारा जगह मिलेगी। सपा मे गुटबाजी शुरू से ही हावी रही है। रविवार को सभी कार्यकारिणी भंग के बाद पार्टी के ही कार्यकर्ता इंटरनेट मीडिया पर तरह तरह की टिप्पणी कर रहे है। एक कार्यकर्ता ने लिखा कि पार्टी की इकाइयां भंग होने पर कार्यकर्ता इतने खुश क्यों हैं? वही निवर्तमान जिला महासचिव योगेश सिंह यादव ने कहा कि जब तक नया संगठन नही बन जाता तब तक मैं हमेशा की तरह पार्टी कार्यालय सुबह 11 बजे आऊंगा। उनकी इंटरनेट मीडिया पर इस पोस्ट को लोग सराह रहे है। वहीं दूसरे खेमे में अब भी हलचल है कि आखिर पार्टी कार्यालय जाने मे अब और कितना इंतजार करना पड़ेगा। आपको बता दें कि गुटबाजी के चलते काफी कार्यकर्ता सपा कार्यालय नही आ पा रहे थे। अब ऐसे में कार्यकर्ता इंटरनेट मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक सपा कार्यकर्ता ने लिखा कि अब कौन होगा सपा का अगला जिलाध्यक्ष इस पोस्ट पर लोग कई नाम सुझा रहे है।।
बरेली से कपिल यादव